जुबानी टक्कर में एक बार फिर सिंधिया- दिग्विजय सिंह आमने सामने। गुना सामाचार - गुना समाचार

Sponser

जुबानी टक्कर में एक बार फिर सिंधिया- दिग्विजय सिंह आमने सामने। गुना सामाचार


न्यूज़ डेस्क गुना । लंबे अरसे बाद एक बार फिर दिग्विजय सिंह और ज्योतिराज सिंधिया जुबानी टक्कर में आमने सामने आ गए हैं। जहां दिग्विजय सिंह ने पुलवामा हमले और सर्जिकल स्ट्राइक पर सरकार को घेरते हुए सवाल उठाए तो वहीं सिंधिया कहां पीछे हटने वाले थे उन्होंने भी आक्रमक होकर दिग्विजय सिंह पर उल्टे सवाल खड़े कर दिए।

दरअसल भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ चल रहे दिग्विजय सिंह ने सोमवार को जम्मू कश्मीर में पुलवामा हमला और सर्जिकल स्ट्राइक पर भाजपा को टारगेट करते हुए विवादित टिप्पणी दी। हालांकि कांग्रेस तो इस पर अपना पल्ला झाड़ते हुए दिखी और इसे दिग्विजय सिंह का निजी विचार बताते हुए विवाद से किनारा कर लिया।

दिग्विजय सिंह के इस विवादित बयान को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इसे भारत माता का अपमान और राष्ट्रविरोधी मानसिकता करार दिया है। कभी कांग्रेस में दिग्विजय सिंह के साथी रहे सिंधिया ने यह भी याद दिलाया है कि आतंकी ओसामा के साथ कभी उन्होंने 'जी' लगाया था।

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट किया, 'आतंकी ओसामा बिन लादेन को ओसामा जी; जाकिर नायक के साथ मंच साझा करना; अपने भाषणों से लगातार मातृशक्ति के प्रति असम्मान; दिग्विजय जी ने अपनी राष्ट्र विरोधी क्रियाओं की सूची में आज एक और को जोड़ा।' एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा, 'जिस भारतीय सेना के प्रयासों, उनकी देश भक्ति और बलिदान के कारण आज आप और पूरा देश सुरक्षित है, उन्हीं पर सवाल उठाकर आपने भारत माता का अपमान किया। क्या ये राष्ट्र विरोधी मानसिकता का प्रमाण नहीं है?' इस ट्वीट के साथ भी सिंधिया ने दिग्विजय सिंह को टैग किया है।

हालांकि इस पूरे मामले पर कांग्रेस ने अपना पल्ला झाड़ते हुए दिग्विजय सिंह के बयान को निजी बता दिया। कांग्रेस वरिष्ठ नेता और संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने ट्वीट किया, 'आज वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह द्वारा व्यक्त किए गए विचार कांग्रेस पार्टी के नहीं, उनके व्यक्तिगत विचार हैं। 2014 से पहले यूपीए सरकार ने भी सर्जिकल स्ट्राइक की थी। राष्ट्रहित में सभी सैन्य कार्रवाइयों का कांग्रेस ने समर्थन किया है और आगे भी समर्थन करेगी।' 

बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान जम्मू में सोमवार को दिग्विजय सिंह ने कथित तौर पर भाजपा सरकार आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कर्मियों को श्रीनगर से दिल्ली हवाई मार्ग से लाने के उसके (सीआरपीएफ के) अनुरोध पर सहमत नहीं हुई थी और पुलवामा में 2019 के एक आतंकी हमले में 40 सैनिकों को अपना बलिदान देना पड़ा था।' उन्होंने आगे कहा, 'वे (पीएम मोदी) सर्जिकल स्ट्राइक की बात करते हैं। वे कई लोगों को मारने की बात करते हैं लेकिन कोई सबूत नहीं दिया। वे झूठ के पुलिंदों के सहारे शासन कर रहे हैं।'

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.